फर्जी पासपोर्ट के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, विदेश भागने की फिराक नाकाम

फर्जी पासपोर्ट के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, विदेश भागने की फिराक नाकाम

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

चूरू। चूरू सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को फर्जी पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राणासर निवासी खालिद उर्फ गांधी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी जाली दस्तावेज और फर्जी पते के आधार पर पासपोर्ट बनवाकर विदेश भागने की तैयारी कर रहा था।

फर्जी दस्तावेजों से बनवाया पासपोर्ट

पुलिस जांच में सामने आया कि खालिद ने लक्ष्मणगढ़ का फर्जी पता और जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर पासपोर्ट बनवाया था। आशंका है कि वह इसी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़कर फरार होने की योजना बना रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पासपोर्ट जब्त कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।

मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी

सदर थानाधिकारी मोटाराम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक हिस्ट्रीशीटर संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बालरासर तंवरान बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की। इस दौरान खालिद को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से जाली पासपोर्ट बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी पर 11 गंभीर मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर खालिद उर्फ गांधी के खिलाफ चूरू और झुंझुनूं जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट, मारपीट, अपहरण, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं सहित कुल 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद फर्जी पासपोर्ट को जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पासपोर्ट अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।