जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2018 पेपर लीक मामले में झुंझुनूं का युवक गिरफ्तार

Jhunjhunu News जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2018 पेपर लीक मामले में झुंझुनूं का युवक गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा-2018 के पेपर लीक और नकल कराने के मामले में एसओजी ने झुंझुनूं जिले के सहड़ निवासी सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। एसओजी के अनुसार जांच में सुनील कुमार की आपराधिक भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

एसओजी के मुताबिक, सुनील कुमार ने राजेश्वर उर्फ राजेश प्रधान के माध्यम से योगेश कुमार को परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी पढ़वाई थी। इसके जरिए योगेश कुमार का जेल प्रहरी के पद पर चयन करवाने का प्रयास किया गया।

गिरफ्तारी के बाद सुनील कुमार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है।

एसओजी के अनुसार जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा अक्टूबर 2018 में ऑनलाइन मोड में आयोजित हुई थी। जांच में सामने आया कि नकल माफिया ने परीक्षा आयोजित करने वाली टीसीएस कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से सभी पारियों के प्रश्नपत्रों की उत्तर कुंजी हासिल कर ली थी।

इस मामले में टीसीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर, नकल माफिया और अभ्यर्थियों सहित अब तक कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के दौरान सुनील कुमार की भूमिका सामने आने के बाद एसओजी ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।