अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 15 दिसंबर से शुरू नहीं होंगी, ओमिक्रॉन पर मीटिंग में PM मोदी ने दिए थे निर्देश
दक्षिण अफ्रीका में मिले कोरोना के नए वेरिएंट ओमीक्रॉन पाए जाने के बाद कई देशों द्वारा दक्षिण अफ्रीका के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सस्पेंड कर दिया है. वहीं भारत से 15 दिसम्बर से शुरू होने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के भी चालू होने को लेकर अनिश्चितता है.
भारत में इंटरनेशनल फ्लाइट्स की आवाजाही 15 दिसंबर से शुरू नहीं होगी। एविएशन रेगुलेटर डीजीसीए ने कहा कि फिलहाल 15 दिसंबर से चालू होने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स के फैसले पर रोक लगा दी गई है। नई तारीख जल्द ही घोषित की जाएगी। यह फैसला कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की वजह से लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 नवंबर को ओमिक्रॉन को लेकर समीक्षा बैठक की थी। इसमें 15 दिसंबर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के फैसले की समीक्षा करने के लिए कहा गया था। पीएम ने विदेश से आने वाले लोगों की सख्त निगरानी करने की बात भी कही थी।
इससे पहले केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मंगलवार को कहा था कि उनके मंत्रालय ने कोरोना वायरस के नए स्वरूप ओमीक्रोन से निपटने की पूरी तैयार कर ली है तथा संवेदनशील माने जा रहे 12 देशों से आने वाले यात्रियों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है. हालांकि यह देश से उड़ानों की आवाजाही को प्रभावित करेगा लेकिन एहतियात भी जरुरी है.


