20 साल बाद प्रशासन ने ली सुध, शहीद स्मारक झुंझुनूं का होगा सुधार, ₹31.51 लाख होंगे खर्च

देश में शहीदों के नाम से विख्यात झुंझुनूं जिले का शहीद स्मारक बहुत ही दयनीय अवस्था में पड़ा था जिसके लिए पूर्व सैनिक हमेशा आवाज उठाते रहे है। वर्तमान कलेक्टर उमरदीन खान और आयुक्त अनीता खीचड़ तथा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर परवेज अहमद हुसैन ने झुंझुनूं के पूर्व सैनिकों द्वारा उठाई इस मांग को गंभीरता से लिया। शहीद स्मारक के अंदर की लाइटिंग, बेदी रिपेयरिंग, शहीदों के नाम ग्रेनाइट पर खुदवाना, पार्क का समतलीकरण, फंवारालगवाना, संपूर्ण पार्क चारदीवारी की डेंटिंग-पेंटिंग, गेट पर शहीद स्मारक लिखवाना, बैठने के लिए छायादार सैड, मुख्य द्वार से बेदी तक दोनों साइडों में झंडो के लिए पोलगड्डी , बेदी के चारों तरफ फुलवाड़ी, गार्ड रूम की रिपेयरिंग आदि सभी कामों को अपने वर्क आर्डर में शामिल करके 3 महीने के अंदर संपूर्ण कार्य कराने का टेंडर पारित किया।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर परवेज अहमद ने बताया कि झुंझुनूं के शहीद स्मारक के लिए हमने जिला कलेक्टर को अवगत कराया था उन्होंने इस कार्य को नगर परिषद से तुरंत पास करवाया। गौरव सेनानी शिक्षक संघ और पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने इस काम के लिए काफी दिनों से आवाज उठाई तथा जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा इस काम को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से मंजूरी करवाई। सैनिक कल्याण समिति की मीटिंग में गौरव सेनानी शिक्षक संघ प्रदेश अध्यक्ष राजपाल फौगाट, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के राज्य उपाध्यक्ष कैलाश सुरा, महामंत्री बलबीर शीला,कोषाध्यक्ष दिनेश कुलहरी,चिड़ावा ब्लॉक कार्यकारी अध्यक्ष सूबेदार रामनिवास थाकन, उपाध्यक्ष राजेश जानू सूबेदार लीलाधर, नगर परिषद एक्ससन जगदीश पलसानिया,जे ई लोकेश दूलड़ , सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रेम प्रकाश सभी ने शहीद स्मारक का जायजा लिया तथा जिला कलेक्टर के साथ मीटिंग में हिस्सा लिया। शहीद स्मारक के सौन्दर्यकरण के लिए पूर्व सैनिकों में खुशी की लहर है।