अपहरण और लूट के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

अपहरण और लूट के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं : सूरजगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज अपहरण और लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

परिवादी सुरेंद्र यादव पुत्र हरिसिंह जाति अहीर, उम्र 40 वर्ष, निवासी लोटिया, ने पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज करवाई थी की 4 अगस्त 2025 को रात करीब 8:15 बजे, सुरेंद्र यादव सूरजगढ़ से अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे।

काकोड़ा मोड़ के पास एक सफेद रंग की कार ने उनकी स्कूटी को ओवरटेक कर रोका। कार से चार युवक उतरे, जिन्होंने सुरेंद्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद, उन्होंने जबरदस्ती सुरेंद्र को अपनी कार में डाल लिया। तीन युवक उनके साथ कार में बैठे, जबकि एक युवक उनकी स्कूटी लेकर पीछे-पीछे चला।

कार में युवकों ने सुरेंद्र के साथ मारपीट की और 3,00,000 रुपये की मांग की। उन्होंने सुरेंद्र का मोबाइल छीन लिया और पिन नंबर पूछा। डर के मारे सुरेंद्र ने मोबाइल का लॉक कोड बता दिया, जिसके बाद आरोपियों ने उनके फोन से 64,000 रुपये एम.एस. सिंधाना फिलिंग स्टेशन के फोन पे खाते में और 10,000 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

इसके बाद, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाया, सुरेंद्र के मोबाइल से सभी नंबर ले लिए और उन्हें मोई के पास सुनसान जगह पर छोड़ दिया। आरोपियों ने धमकी दी कि अगले दिन 60,000 रुपये और ट्रांसफर करने होंगे, वरना वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। साथ ही, स्कूटी लौटाने के बाद परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

अगले दिन, फोन पर धमकी देकर आरोपियों ने 60,000 रुपये और फोन पे के जरिए हड़प लिए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अलग-अलग टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी रितिक पुत्र मुकेश जाति जांगिड़, उम्र 24 वर्ष, निवासी मानोता को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है