तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में लूट की कोशिश, फायरिंग से मची सनसनी
सीकर। शहर में पुलिस लाइन के सामने स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम पर दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शोरूम कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड की सतर्कता एवं बहादुरी के चलते बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
बताया जा रहा है कि शोरूम के अंदर खुद को घिरता देख बदमाशों ने बचकर निकलने के लिए फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। फायरिंग के साथ ही शोरूम का सायरन बज उठा, जिससे बदमाश घबराकर भाग निकले।
प्रारंभिक सूचना के अनुसार बदमाश दो मोटरसाइकिल और एक काले रंग की कार में आए थे। उनकी संख्या लगभग छह बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तस्वीरें विभिन्न पुलिस टीमों और ग्रुपों में साझा कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस शोरूम के अंदर जांच कर रही है। वहीं सीकर जिले की सीमाओं सहित पूरे जिले में ‘ए’ श्रेणी की नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
नोट: यह खबर प्रारंभिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद तथ्य और स्पष्ट हो सकते हैं।
