पेड़ से टकराई यात्रियों से भरी बस:कार की टक्कर से सड़क पर गिरे घायल युवक को बचाने के चक्कर में बस बेकाबू हुई, बीएसएफ का जवान घायल
झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ के पास आज सुबह सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक कार ने सड़क पार करते हुए एक युवक को टक्कर मार दी। जिससे युवक उछल कर दूर जा गिरा। युवक के सड़क पर गिरने के बाद सामने से आ रही सवारियों से भरी बस सड़क पर पडे़ घायल व्यक्ति को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई। सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बस में सवार कुछ यात्रियों को मामूली चोट आयी है।
वहीं, हादसे के बाद टक्कर मानने वाले कार चालक ने ही घायल व्यक्ति को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर पहुंचे कोतवाली थानाधिकारी सुरेंद्र देगडा ने बताया कि घडावा निवासी राजेश सड़क पार कर रहा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। इसी दौरान सामने से आ रही सवारियों से भरी निजी ट्रेवल्स की बस सड़क पर पडे युवक को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई। गनीमत रही कि बस में सवार यात्रियों में किसी को ज्यादा बडी चोट नहीं आई।
हादसे में बस का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कोतवाली थानाधिकारी सुरेंद्र देगडा ने बताया कि बस उदयपुरवाटी से झुंझुनूं आ रही थी। वहीं कार की टक्कर से घायल युवक झुंझुनू निवासी राजेश बीएसएफ में कार्यरत है। राजेश झुंझुनूं में कटारिया कॉलोनी में अपने मकान निर्माण का करवा रहा है। इसी सिलसिले में वह निर्माण स्थल जा रहा था। राजेश का बीडीके अस्पताल में इलाज जारी है।

