मौत का मांझा : चाइनीज मांझे से बुजुर्ग का गला काटा

Chainese Manjha चाइनीज मांझे से राहगीर का गला कटा, झुंझुनूं रेफर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

शेखावाटी क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद धड़ल्ले से हो रहा जानलेवा मांझे का इस्तेमाल

मलसीसर : सरकार द्वारा चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद क्षेत्र में इसका खुलेआम उपयोग किया जा रहा है, जो अब आमजन के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सोमवार शाम को मलसीसर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।

अलसीसर बाइपास पर हुआ हादसा


प्राप्त जानकारी के अनुसार टमकोर निवासी शिवकुमार शर्मा झुंझुनूं से अपने गांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान अलसीसर बाइपास पर अचानक उनके गले में चाइनीज मांझा उलझ गया। तेज और धारदार मांझे से उनका गला बुरी तरह कट गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीर ने दिखाई मानवता


घटना के बाद मौके पर मौजूद खालीद पुत्र इनायत खान, निवासी मलसीसर ने मानवता का परिचय देते हुए घायल शिवकुमार शर्मा को तत्काल अपनी गाड़ी से मलसीसर उपजिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

हालत गंभीर होने पर झुंझुनूं रेफर


अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे झुंझुनूं के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल घायल का इलाज जारी है।

प्रतिबंध के बावजूद नहीं रुक रहा चाइनीज मांझे का उपयोग


यह घटना प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करती है। चाइनीज मांझा न केवल इंसानों के लिए बल्कि पक्षियों और पशुओं के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। इसके बावजूद क्षेत्र में चोरी-छिपे इसकी बिक्री और उपयोग जारी है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश


घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि
चाइनीज मांझे की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए

पतंग उड़ाने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाए
दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई हो

प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग


लगातार हो रही ऐसी घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में इससे बड़े हादसे भी हो सकते हैं।