नाबालिग बच्ची का अपहरण कर गैंगरेप का 6 माह से फरार आरोपी गिरफ्तार, पिलानी पुलिस को बड़ी सफलता
झुंझुनूं। नाबालिग बच्ची के अपहरण और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना पिलानी के थानाधिकारी चन्द्रभान के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा की गई।
अपहरण की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला
प्रकरण के अनुसार परिवादी द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण के संबंध में पुलिस थाना पिलानी में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अपहृता नाबालिग बच्ची की तलाश शुरू की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने बच्ची को दस्तयाब कर सुरक्षित बरामद किया।
बच्ची के बयान के बाद खुलासा
दस्तयाब की गई नाबालिग बच्ची द्वारा पुलिस को दिए गए बयान में एक से अधिक व्यक्तियों द्वारा उसके साथ गलत कार्य किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों को नामजद कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं।
6 माह से फरार आरोपी नान्दा से गिरफ्तार
पुलिस टीमों द्वारा लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और तकनीकी व मुखबिर तंत्र के माध्यम से सूचना संकलन किया गया। इसी दौरान घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी नवीन कुमार पुत्र सुरेन्द्र, जाति जाट, उम्र 25 वर्ष, निवासी नान्दा, पुलिस थाना बाढडा, जिला चरखी दादरी (हरियाणा) को उसके गांव नान्दा से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।
न्यायालय में पेश, पुलिस रिमांड पर भेजा
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस उप अधीक्षक, वृत चिडावा के समक्ष बाद अनुसंधान गिरफ्तार किया गया। इसके पश्चात आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की गहन पूछताछ एवं अनुसंधान के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
