500 RS Fake Note 3 करोड़ के नकली नोटों के साथ 7 बदमाश गिरफ्तार, दीपावली पर खपाने की फिराक में थे
राजस्थान के चूरू जिले में पुलिस और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता मिली है। टीम ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे-52 पर आदित्य होटल के पास अंतरराज्यीय “टटलू गैंग” के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 लाख की नकदी, 3 करोड़ रुपये के डमी नोट और दो लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं।
ठगी के शिकार ने खोला राज
चूरू एसपी जय यादव के अनुसार, हरिराम पुत्र मोबाराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उससे 50 हजार रुपये की ठगी की। आरोपियों ने उसे असली नोटों की जगह ऐसे बंडल थमा दिए जिनके केवल ऊपर और नीचे के नोट असली थे, बाकी सभी सफेद कागज़ रंगे हुए थे। विरोध करने पर उसे धमकियां दी गईं और नकली नोट चलाने का दबाव बनाया गया।
नकली नोट बाजार में खपाने की साजिश
डीएसपी सुनील झाझड़िया ने बताया कि आरोपी दीपावली के त्योहार पर बाजार में नकली नोट खपाने की तैयारी में थे। लेकिन पुलिस कार्रवाई से पहले ही इन्हें धर दबोचा गया।
इस तरह बनाते थे नकली गड्डियां
गिरोह के सदस्य असली नोटों के ऊपर और नीचे कुछ असली नोट रखकर बीच में सफेद कागज लगाते थे। फिर किनारों को वास्तविक नोट जैसा रंगकर पूरी गड्डी असली दिखाते थे। इसके बाद वे लोगों को कई गुना मुनाफे के लालच में फंसाकर ठगी कर लेते थे।
पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
त्योहारी सीजन में नकली नोटों की बड़ी खेप बाजार में पहुँचने वाली थी, लेकिन समय पर मिली सूचना और संयुक्त कार्रवाई से यह साजिश विफल हो गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
सभी बदमाश हरियाणा के रहने वाले
एसपी जय यादव ने बताया- मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आदित्य होटल के पास से अंतरराज्यीय ‘टटलू’ गैंग के 7 आरोपियों को दबोच लिया। इनमें राजवीर वाल्मीकि (55), संजय सुनार (38), संजय वाल्मीकि (34), अशोक वाल्मीकि (36), रोबिन सिंह वाल्मीकि (38), अनिल वाल्मीकि और अनिल (38) शामिल हैं। गिरोह के सभी सदस्य हरियाणा के फतेहाबाद, हिसार, कैथल, करनाल और जिंद जिले के रहने वाले हैं।
