Road Accident भीषण सड़क हादसा: फॉर्च्यूनर दीवार से टकराई, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर
झुंझुनूं : झुंझुनूं जिले के सिंघाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। बीती रात भैंसावता के पास करीब रात 1 से 2 बजे के बीच हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उदावास निवासी चार युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए मोई गए थे। किसी काम से चिड़ावा लौटते समय मुख्य सड़क पर भैंसावता के पास उनकी फॉर्च्यूनर गाड़ी HR51Al2627 अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दीवार से टकराने के बाद कई मीटर दूर खेत में जा गिरी।
हादसे में उदावास निवासी संदीप कड़वासरा पुत्र सवाई सिंह, तनिष्क शेखावत पुत्र मनोहर सिंह और धर्मेंद्र पुत्र महावीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ मौजूद बाकरा निवासी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए बीडीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चिड़ावा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है उसके बाद परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
