मामी के साथ दो भांजियां और मासूम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, पुलिस ने शुरू की जांच
झुंझुनूं: जिले के एक गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता अपनी दो वर्षीय संतान और ननद की दो किशोर बेटियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह घर से गायब मिले चारों
थानाधिकारी विमला बुडानियां ने बताया कि एक महिला अपनी 16 और 18 वर्षीय दो बेटियों के साथ झुंझुनूं क्षेत्र के एक गांव स्थित अपने मायके आई हुई थी। बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो दोनों किशोरियां, उनकी मामी और उसका दो वर्षीय पुत्र घर पर नहीं मिले।
परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन चारों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अपहरण की आशंका, जेवरात और नकदी भी गायब
लापता किशोरियों की मां ने पुलिस थाने में दर्ज रिपोर्ट में अपनी बेटियों के अपहरण की आशंका जताई है। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी भी गायब हैं, जिन्हें साथ ले जाया गया है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिवार के सदस्यों से पूछताछ के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
थानाधिकारी विमला बुडानियां ने बताया कि मामले की जांच प्रारंभिक चरण में है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाहिता, दोनों किशोरियां और मासूम अपनी इच्छा से घर से गए हैं या फिर उनके साथ कोई अप्रिय घटना हुई है। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।
जल्द खुलासे की उम्मीद
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चारों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
