भीषण सड़क हादसा: कार ने स्कूटी को 2 किमी तक घसीटा, दो युवकों की मौत

दर्दनाक सड़क हादसा: कार ने स्कूटी को 2 किमी तक घसीटा, दो युवकों की मौके पर मौत

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

गुढ़ा गौड़जी | झुंझुनूं न्यूज
झुंझुनूं जिले के गुढ़ा गौड़जी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा स्टेट हाईवे पर झुंझुनूं रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी कार के नीचे फंस गई और चालक उसे करीब 2 किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया।

टायर फटने पर कार छोड़कर फरार हुआ चालक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भी कार चालक नहीं रुका। स्कूटी कार में फंसी होने के बावजूद वह तेज गति से वाहन चलाता रहा। करीब दो किलोमीटर दूर दूडीया गांव के पास कार का टायर फट गया। इसके बाद चालक कार को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मृतकों की हुई पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान संत कुमार सैनी निवासी टोडी और जावेद निवासी इस्लामपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रात करीब 11 बजे अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और निजी एंबुलेंस की मदद से दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुढ़ा गौड़जी की मोर्चरी पहुंचाया गया। सूचना पर गुढ़ा गौड़जी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।