खेत की खुदाई में मिला हैंड ग्रेनेड, इलाके में मचा हड़कंप
जयपुर से आई बम निरोधक दस्ते की टीम ने किया डिफ्यूज, 400 मीटर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
सीकर : सीकर जिले के रीको एरिया में गुरुवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में खुदाई के दौरान एक हैंड ग्रेनेड मिलने की सूचना सामने आई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। शुक्रवार को जयपुर से पहुंची बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीम ने कड़ी सुरक्षा के बीच हैंड ग्रेनेड को निष्क्रिय कर दिया।
10 फीट गहराई में मिला बमनुमा वस्तु
उद्योग नगर थाना क्षेत्र के रीको एरिया में खेत में रास्ता बनाने के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान करीब 10 फीट गहराई में एक बमनुमा वस्तु नजर आई। इसे देखकर काम कर रहे मजदूर और ग्रामीण घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से गड्ढे को अस्थायी रूप से बंद करवाया गया। इसके बाद जयपुर से बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया।
बम निरोधक दस्ते ने की पुष्टि, निकला हैंड ग्रेनेड
उद्योग नगर थाना SHO राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि शुक्रवार को बम निरोधक दस्ते की टीम सीकर पहुंची। जांच के दौरान बमनुमा वस्तु के हैंड ग्रेनेड होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता उसे सुरक्षित तरीके से गोकुलपुरा थाना क्षेत्र के एक खुले मैदान में लेकर गया।
इस तरह किया गया हैंड ग्रेनेड डिफ्यूज
बम निरोधक दस्ते ने सबसे पहले एक गहरा गड्ढा खोदा और उसमें आग जलाई। इसके बाद हैंड ग्रेनेड को उस आग में डालकर सभी लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए। कुछ ही पलों में जोरदार धमाका हुआ, जिसकी आवाज करीब 400 मीटर दूर तक सुनाई दी।
पुलिस के अनुसार हैंड ग्रेनेड काफी पुराना था और उसकी ऊपरी सतह पर भारी जंग लगी हुई थी। पुराना होने के कारण उसका बारूद भी कमजोर हो चुका था, जिससे उसकी मारक क्षमता कम थी।
10 साल पहले आई थी सेना की टुकड़ी, उसी से जुड़ा हो सकता है मामला
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 10 साल पहले इस इलाके में सेना की एक टुकड़ी आई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान यह हैंड ग्रेनेड यहां गिर गया होगा और समय के साथ मिट्टी में दबता चला गया।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह ग्रेनेड सेना की किसी पुरानी गतिविधि से तो जुड़ा नहीं है।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे विस्फोटक पदार्थों का खुले में मिलना गंभीर विषय है और किसी भी लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
घटना के बाद प्रशासन ने आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध या बमनुमा वस्तु दिखाई दे, तो उसे छेड़ने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।
