हवलदार पवन कुमार भांबू की संदिग्ध मौत, अलवर मिलिट्री कैंप के बाथरूम में मिला लहुलूहान शव

Jhunjhunu News जवान की संदिग्ध मौत से सैन्य कैंप में सनसनी

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

अलवर के मिलिट्री कैंप में झुंझुनूं जिले के बगड़ उपखंड के अलीपुर गांव निवासी हवलदार पवन कुमार भांबू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। उसका गला रेता हुआ था, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पुलिस के अनुसार मृतक पवन भांबू पुत्र जयप्रकाश मूल रूप से अलीपुर गांव का निवासी था और अलवर में हवलदार पद पर कार्यरत था। रविवार देर शाम उसकी पत्नी मुनेश देवी ने फोन पर सूचना दी कि पवन घर नहीं पहुंचा।

इसके बाद तलाश की गई तो वह कैंप के एक बाथरूम में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। गला कटा होने के कारण तुरंत उसे मिलिट्री अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की रिपोर्ट मृतक के साथी हवलदार जयकुमार ने पुलिस को दी है। फिलहाल मौत के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस व सैन्य विभाग दोनों स्तर पर मामले को गंभीरता से देखा जा रहा है।

पवन कुमार का परिवार पीढ़ियों से सेना में सेवा दे रहा है। उनके दादा झूथाराम भांबू और पिता जयप्रकाश सेना से सेवानिवृत हो चुके हैं। परिवार के तीनों भाई भी देश सेवा में लगे हैं। बड़ा भाई अश्वनी सेना में कार्यरत है, जबकि सबसे छोटा भाई अजय कुमार अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी पर तैनात है।

अलीपुर में सोमवार को हवलदार पवन भांबू को नम आंखों से विदाई दी गई। हवलदार पवन भांबू के पार्थिव देह को 7 वर्षीय पुत्र दक्ष ने मुखाग्नि दी। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।