Jhunjhunu News जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, समझाइश के बाद भी दो पक्षों में पत्थरबाजी
झुंझुनूं: मुकुंदगढ़ कस्बे में जमीन के रास्ते को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया, जब पुलिस की समझाइश के कुछ ही समय बाद दो पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हो गई। इस घटना में तीन महिलाओं को चोटें आई हैं, जिन्हें परिजन निजी वाहनों से अस्पताल लेकर पहुंचे।
समझाइश के बावजूद भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों पक्ष विवाद को लेकर पहले मुकुंदगढ़ थाने पहुंचे थे। थानाधिकारी ताराचंद ने दोनों पक्षों को समझाइश कर शांति बनाए रखने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद भी किया था
अचानक हुई पत्थरबाजी, इलाके में फैली दहशत
थाने से लौटने के बाद अचानक विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से पत्थरबाजी शुरू हो गई। पत्थरबाजी के दौरान तीन महिलाओं को चोटें आईं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पत्थरबाजी और भगदड़ के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है।
थानाधिकारी का बयान
मुकुंदगढ़ थानाधिकारी ताराचंद ने बताया कि
“दोनों पक्ष थाने आए थे, जहां उन्हें समझाइश कर पाबंद किया गया था। मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण दोनों को शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद घटना हुई है, जिसकी जांच की जा रही है।”
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
