Jhunjhunu News अवैध हथियारों पर बड़ी कार्रवाई: खेतड़ी में दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व 31 जिंदा कारतूस बरामद
झुंझुनूं : ADG दिनेश एमएन के निर्देश पर जिले में हार्डकोर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। AGTF जयपुर की स्पेशल टीम ने झुंझुनूं पुलिस के साथ मिलकर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। इस संयुक्त ऑपरेशन में 200 से अधिक पुलिसकर्मियों की 12 टीमों ने खेतड़ी और सूरजगढ़ क्षेत्र में 15 स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। इस अभियान में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
विक्रम गुर्जर से 28 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, हार्डकोर/एचएस अपराधी अनिल उर्फ सुनील निवासी चिरानी के भाई विक्रम गुर्जर (30) पुत्र श्री बन्नाराम गुर्जर, निवासी लगरिया की ढाणी, तन चिरानी, थाना खेतड़ी के कब्जे से एक पिस्टल और 28 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था।
संजय उर्फ बच्चीया के भाई के पास मिली देशी पिस्टल
इसी क्रम में हार्डकोर/एचएस अपराधी संजय उर्फ बच्चीया पुत्र गजेन्द्र सिंह के आवास की तलाशी के दौरान उसके भाई निखलेश (30) पुत्र गजेन्द्र सिंह, जाति गुर्जर, निवासी बंधा की ढाणी, तन पपुरना, थाना खेतड़ी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए गए।
शस्त्र अधिनियम में केस दर्ज, पूछताछ जारी
दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में हार्डकोर अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
