बदमाशों ने काकोडा सरपंच की गाड़ी पर किया हमला
गाड़ी सवार काकोडा सरपंच संदीप डैला और देवी सिंह ओला बचे बाल-बाल
वायरल वीडियो देखने के लिए क्लिक करें
झुंझुनूं: सूरजगढ़ कस्बे में अज्ञात बदमाशों ने बीच सड़क पर काकोड़ा सरपंच संदीप डैला की गाड़ी को घेरकर हमला कर दिया। इस हमले में गाड़ी चालक के साथ मारपीट की गई, जबकि गाड़ी में बैठे सरपंच संदीप डैला और उनके साथी देवी सिंह ओला बाल-बाल बच गए। घटना सूरजगढ़ के बारासिया कॉलेज के पास हुई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाश तीन कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आए थे। उन्होंने पहले दो कैंपर से सरपंच की शिफ्ट गाड़ी को आगे और पीछे से घेर लिया और फिर तीसरे कैंपर से उतरे करीब एक दर्जन बदमाशों ने गाड़ी पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला बोल दिया।
परिवादी देवी सिंह ओला की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने राठियों की ढ़ाणी निवासी शेर सिंह उर्फ भूणियां, स्वामी सेही निवासी जेपी, पिचानवासी निवासी राकेश गुर्जर और चिड़ावा निवासी रॉकी सोलंकी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बताया जा रहा है कि जब संदीप डैला और देवी सिंह ओला गाड़ी से मंडी की तरफ जा रहे थे, तभी तीन कैंपरों में आए हमलावरों ने उनका पीछा कर हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
