Air India: दुबई से जयपुर आ रहा एअर इंडिया का विमान तकनीकी खराबी के चलते 5 घंटे तक टेक ऑफ नहीं कर पाया। इस दौरान प्लेन के अंदर यात्रियों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि न तो एसी चलाई गई और न ही पानी दिया गया। लगभग 150 यात्री 5 घंटे तक बगैर AC के विमान में बैठे रहे।
दरअसल, एअर इंडिया एक्सप्रेस की इंटरनेशनल फ्लाइट संख्या IX-196 दुबई से 13 जून की शाम 7.25 बजे जयपुर के लिए उड़ान भरने वाली थी। तकनीकी खराबी की वजह से फ्लाइट अपने निर्धारित वक्त पर टेक ऑफ नहीं कर पाई।
पैसेंजर्स को 5 घंटे से ज्यादा समय तक फ्लाइट में ही बैठाए रखा। इस दौरान न तो फ्लाइट का एयर कंडीशनर (एसी) शुरू किया गया, न ही पैसेंजर्स को पानी या फिर अन्य खाने-पीने की वस्तुएं उपलब्ध कराई गई। इसके बाद पैसेंजर्स ने एअर इंडिया एक्सप्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सवा पांच घंटे देरी से उड़ान भरी
एअर इंडिया का प्लेन अपने निर्धारित वक्त से करीब सवा पांच घंटे लेट रात 12 बजकर 44 मिनट पर जयपुर के लिए रवाना हुआ, जो 13-14 जून की दरमियानी रात 2.44 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद पैसेंजर ने एअर इंडिया एक्सप्रेस की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की। साथ ही इसे यात्रियों की सुरक्षा में एक बड़ी चूक भी बताया।
पैसेंजर बोली- फ्लाइट में मौजूद स्टाफ ने हमारी मदद नहीं की फ्लाइट में सवार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आरजू सेठी ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो शेयर कर एअर इंडिया एक्सप्रेस के सफर को भयावह बताया। उन्होंने कहा- इस तरह की लापरवाही देख मुझे आश्चर्य हुआ। हम सभी पैसेंजर इस भीषण गर्मी में परेशान और पसीने से लथपथ हो गए थे।
मदद के लिए नहीं आया कोई क्रू-मेंबर
आरजू ने यह भी कहा, ‘यदि तकनीकी समस्या थी तो हमें एयरपोर्ट पर ही रखा जाना चाहिए था, न कि विमान में बंद किया जाना चाहिए था।’ उनके साथ मौजूद एक यात्री रवि कुमार ने भी बोला, ‘गर्मी की घुटन असहनीय थी। हम बार-बार स्टाफ को बुलाने के लिए सीट के ऊपर लगी स्विच को दबाते रहे, लेकिन कोई भी विमान का क्रू-मेंबर मदद के लिए नहीं आया। 150 यात्रियों को 5 घंटे तक विमान में बंद करके रखा गया।
