चोरी करने आए युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

चोरी करने आए चोर की मौत, दो मंजिला मकान से गिरने से हुई मौत

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

सुजानगढ़ (चूरू)। शहर के दुलिया बास क्षेत्र में चोरी की नीयत से आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक के दो मंजिला मकान से गिरने के बाद मौके पर ही दम तोड़ने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

पतंग लेने पहुंचे बच्चे ने देखा शव


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम के समय पतंग लेने के लिए पहुंचे एक बच्चे ने बंद मकान के पीछे स्थित नोहरे में एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद उसने वार्डवासियों को सूचना दी। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया गया।

मौके से मिले पेचकस, चोरी की आशंका

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मृतक युवक के पास से दो पेचकस मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि युवक चोरी के इरादे से मकान में घुसा था।

बताया जा रहा है कि मकान मालिक लक्ष्मीनारायण शर्मा को रात में अपने घर का ताला टूटा हुआ मिला था। उसी दौरान युवक मकान के अंदर मौजूद था। मकान मालिक के आने पर युवक घबरा गया और भागने के प्रयास में दो मंजिला मकान से छलांग लगा दी।

नोहरे में गिरने से हुई मौत


छलांग लगाने के दौरान युवक पास ही स्थित विनोद बागड़ा के बंद मकान के पीछे बने नोहरे में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे दुर्घटनावश हुई मौत मानकर जांच कर रही है।

पुलिस जांच में जुटी, शिनाख्त नहीं


घटना की जानकारी मिलते ही सीआई बेगाराम मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को राजकीय बगड़िया उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्रों में युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।