हांडीशाह दरगाह के पास अतिक्रमण हटाने पहुंचा प्रशासन, नगरपरिषद की JCB से कार्रवाई जारी

Jhunjhunu HandiShah Dargah हांडीशाह की दरगाह के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू, प्रशासन मौके पर तैनात

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। शहर में हांडीशाह की दरगाह के पास अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से यह अभियान सड़क सीमा सहित वक्फ बोर्ड की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मौके पर तहसीलदार महेंद्र मूंड और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेश बजाड़ की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई शुरू की। अभियान के दौरान नगरपरिषद की जेसीबी मशीन और कर्मचारियों की मदद से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

तहसीलदार महेंद्र मूंड ने बताया कि यह कार्रवाई वक्फ बोर्ड के उच्चादेशों की पालना में की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस जमीन पर काबिज लोगों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर दिए गए थे। बीते शुक्रवार को भी कोतवाली थानाधिकारी की मौजूदगी में काबिज लोगों के साथ समझाइश की गई थी और उन्हें चेतावनी दी गई थी कि यह वक्फ की जमीन है, इसे खाली कर दें अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चेतावनी के बाद अधिकतर लोगों ने अपनी दुकानों से सामान तो निकाल लिया था, लेकिन ढांचे (दुकानें) वहीं मौजूद थे। जिसके बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से इन अस्थाई दुकानों को हटाकर लोहे के केबिनों को जब्त कर लिया।

सड़क सीमा और वक्फ बोर्ड की जमीन से हटाया जा रहा अतिक्रमण


प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई निर्धारित सीमा के भीतर सड़क मार्ग को सुचारू बनाने और वक्फ बोर्ड की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से की जा रही है। अभियान के दौरान अवैध निर्माण/कब्जों को हटाया जा रहा है।

पुलिस जाप्ता तैनात, शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश


अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस का जाप्ता भी मौके पर मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखी गई है।

अभियान जारी रहने की संभावना


प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई क्रमबद्ध तरीके से आगे भी जारी रह सकती है। साथ ही संबंधित क्षेत्रों में सड़क सीमा और सरकारी/वक्फ संपत्तियों पर अवैध कब्जों की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं।