कलेक्ट्रेट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, सर्च ऑपरेशन जारी

कलेक्ट्रेट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, अजमेर-बाड़मेर में सर्च ऑपरेशन जारी

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now


अजमेर। राजस्थान में जिला कलक्ट्रेट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को अजमेर और बाड़मेर जिला कलक्ट्रेट कार्यालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

ई-मेल से मिली धमकी, प्रशासन अलर्ट


जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11.45 बजे अजमेर और बाड़मेर जिला कलक्ट्रेट कार्यालयों में धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। जैसे ही ई-मेल की जानकारी प्रशासन को मिली, एहतियातन दोनों ही कलक्ट्रेट परिसरों को तुरंत खाली करवाया गया।

मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। फिलहाल दोनों जिलों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।
उर्स के चलते अजमेर में बढ़ाई गई सुरक्षा
एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि अजमेर जिला कलक्टर लोकबंधु को सुबह धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ था।

इस समय अजमेर में उर्स का आयोजन चल रहा है, ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए तुरंत कार्रवाई की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे कलक्ट्रेट परिसर को सील कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

अजमेर में तीसरी बार मिली धमकी


गौरतलब है कि इस महीने में तीसरी बार अजमेर जिला कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 4 दिसंबर और 10 दिसंबर को भी अजमेर जिला कलक्ट्रेट और दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है।

लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

अफवाहों से बचने की अपील


प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन पूरे परिसर की जांच की जा रही है।