टीना मेघवाल हत्याकांड में आरोपी बंटी गिरफ्तार
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र की कानिका की ढाणी में 19 वर्षीय युवती टीना मेघवाल की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी बंटी को गिरफ्तार किया।
परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था और पुलिस प्रशासन के साथ लगातार बातचीत चल रही थी। आखिरकार कल चौथे दिन संघर्ष समिति और पुलिस प्रशासन के बीच सहमति बन सकी, जिसके बाद मृतका का पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया गया।
रात को बुलाकर खेत में मार डाला
गुढ़ा थानाधिकारी राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि घटना 7 सितंबर की आधी रात की है। खरबासो की ढाणी निवासी बंटी मेघवाल ने कानिका की ढाणी की रहने वाली टीना मेघवाल (19) को फोन कर घर से बाहर बुलाया।
घर से करीब 150 मीटर दूर पड़ोसी कमलेश ओला के खेत में दोनों मिले। वहां आरोपी ने उसे दूसरे युवक से बातचीत बंद करने के लिए समझाया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई। गुस्से में आकर बंटी ने उसकी चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया था। 7 सितंबर की सुबह उसका शव खेत में मिला था।
