27 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, मेडिकल बोर्ड कर रहा पोस्टमार्टम
चूरू : रतनगढ़ में ससुराल वालों ने भूत-प्रेत का साया बताकर दामाद को मार डाला। पहले मिर्च का पानी पिलाया। कान में तेल से भरी रूई और आंखों में मिर्च डालकर जादू-टोना करने लगे। विरोध करने पर मुंह ढककर पानी के टब में डूबो दिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डाक्टरों ने महबूब खान (50) को मृत घोषित कर दिया। बेटे को शव का पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर दिया। बोले-बुरी आत्मा के कारण ये सब हुआ है। अगर पोस्टमॉर्टम करवाया तो बुरी आत्मा तुम्हारे परिवार को बर्बाद कर देगी। उस समय महबूब का बेटा डर गया।
मृतक के पुत्र इमरान ने संदेह व्यक्त करते हुए कोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया था। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने ननिहाल पक्ष के 12 जनों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड की देखरेख में शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू की गई।
मौके पर मेडिकल टीम के साथ सीआई दिलीप सिंह मय पुलिस जाप्ता मौजूद रहे। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
