ट्रक चालक ने दो ट्रेफिक पुलिसकर्मियों को खूब दौड़ाया। लगभग 100 मीटर तक दो पुलिस कर्मी ट्रक के आगे पैदल पैदल दौड़ते रहे। कई देर तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस ट्रक को पकड़ने में कामयाब हो पाई।
यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामला झुंझुनूं के गुढ़ा मोड़ का है। दरअसल रविवार सुबह 11 बजे के आसपास चिड़ावा की ओर से ट्रक आ रहा था। झुंझुनूं के गुढ़ा मोड पर दो ट्रेफिक पुलिस जवानों ने ट्रक को रोकने का इशारा किया। लेकिन चालक ट्रक को दौड़ाते हुए आगे ले गया। इसके बाद दो पुलिसकर्मी दौडकर आए और ट्रक के आगे हाथ लगाकर ट्रक को रोकने के लिए दौड़ते रहे। लगभग 100 मीटर दोनां पुलिसकर्मी ट्रक के आगे दौड़ते रहे। इसके बाद अचानक चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने निजी गाड़ी की मदद से लगभग डेढ़ किलोमीटर पिछा किया। उसके बाद पीरू सिंह सर्किल के पास ट्रक को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। इसके बाद ट्रक के चालान की कार्रवाई कर उसे छोड़ दिया।
घटना के बाद पुलिस की भी लापरवाही भी सामने आई है कि इस तरह की घटना के बाद भी पुलिस ने सिर्फ ट्रक का चालान काटकर उसे छोड दिया। जब कि फुटेज में देखा जा सकता है कैसे दोनों पुलिसकर्मी की जान पर बन आई थी। इस तरह की घटना में पुलिसकर्मी की जान भी जा सकती थी।
