Cyber froud साइबर ठगी का भंडाफोड़: 13 लाख की ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
उदयपुरवाटी। थाना क्षेत्र में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने करीब 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई रामपाल मीणा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई। यह कार्रवाई पुलिस थाना उदयपुरवाटी क्षेत्र में म्यूल अकाउंट के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत हुई।
9 शिकायतों से खुला राज
नेशनल साइबर पोर्टल और समन्वय पोर्टल पर एक ही खाते के खिलाफ 9 शिकायतें दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि खाता सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की उदयपुरवाटी शाखा में खुला था और खाताधारक अमित कुमार सैनी निवासी जाटावाला कुआ, उदयपुरवाटी है।
इस खाते में विभिन्न राज्यों – कर्नाटक, गोवा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और हरियाणा से निवेश, नौकरी दिलाने और रकम दोगुनी करने के झांसे में ठगे गए लोगों की रकम ट्रांसफर होना सामने आया। खाते में कुल लगभग 13 लाख रुपये की संदिग्ध राशि जमा मिली।
पूछताछ में खुलासा
पुलिस पूछताछ में अमित कुमार सैनी और सुभाष सैनी ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को मैसेज भेजकर निवेश और नौकरी के नाम पर पैसे मंगवाए। साथ ही अमित ने अपने साथियों को खाते खुलवाकर देने की बात भी स्वीकार की।
संगठित अपराध की धाराएँ लगाई गईं
मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 161(2), 112(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश जारी है और साइबर गिरोह के नेटवर्क का विस्तार से विश्लेषण किया जा रहा है।
पुलिस अपील: आमजन निवेश या नौकरी से जुड़े ऑनलाइन ऑफर पर भरोसा करने से पहले सत्यापन अवश्य करें और संदिग्ध गतिविधि तुरंत साइबर हेल्पलाइन या पोर्टल पर रिपोर्ट करें।
