Train की ताज़ा ख़बर, ब्रेकिंग न्यूज़ News in Hindi
ट्रेन की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत, डूंडलोद-मुकुंदगढ़ के बीच हुआ हादसा
झुंझुनूं। जिले के डूंडलोद-मुकुंदगढ़ रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान नाहरसिंघानी गांव निवासी अजय जाट के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
जयपुर-हनुमानगढ़ पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आया युवक
जानकारी के अनुसार शाम करीब 4:45 बजे जयपुर से झुंझुनूं की ओर आ रही जयपुर-हनुमानगढ़ पैसेंजर ट्रेन डूंडलोद और मुकुंदगढ़ के बीच से गुजर रही थी। इसी दौरान 26 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि हादसे के बाद लोको पायलट युवक के शव को मुकुंदगढ़ रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचे।
सूचना पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे स्टाफ ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद थाने से एएसआई जोगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार युवक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मोर्चरी में रखवाया है। बताया जा रहा है कि मृतक अजय जाट के पिता और भाई हैदराबाद में नौकरी करते हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
पिता के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम
पुलिस के अनुसार मृतक के पिता के झुंझुनूं पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा।
