शिक्षा के क्षेत्र में वंचित प्रतिभावान बच्चों के लिए एक आशा की किरण बनकर उभरी सामाजिक संस्था एफर्ट्स ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पांचवी बार आवेदन आमंत्रित किए है। एफर्ट्स कोर कमेटी सदस्य सीताराम बास बुडाना व अजय काला ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून से बढ़ाकर 15 अगस्त कर दी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर भवन से आवेदन फॉर्म लेकर सम्बंधित दस्तावेजों के साथ जमा करवा सकते हैं। पवन कुमार आलड़िया क्यामसर ने बताया कि कोरोना के चलते बच्चे आवेदन नहीं कर पा रहे थे, इसलिए अब आवेदन की तिथि बढ़ाई गई है। एफर्ट्स संस्था से अनुसूचित जाति के बच्चे ऑनलाइन व ऑफलाइन कोचिंग हेतु मदद के लिए आवेदन कर सकते हैं। नरेंद्र कड़हायला व राकेश तुनवाल ने बताया कि जुलाई अगस्त में प्राप्त आवेदन पत्रों की जांच करके 10 सितंबर 2021 को चयन किए गए सभी बच्चों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु चेक वितरित करके कोचिंग हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।