धोद में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता अनामिका की मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पति योगेश पुत्र सांवरमल ने तार से गला दबाकर अनामिका की हत्या की थी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था। पत्नी का परिजनों से फोन पर बात करना भी पति को पसंद नहीं था। इसी शक में उसने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी में हत्या को लेकर किसी तरह का पछतावा नहीं था।
घटना के बाद आरोपी मजदूरी करने चला गया था और जाते समय घरवालों को कह कर गया था कि उनकी बहू को कुछ हो गया है संभाल लेना। पुलिस ने आरोपी 23 वर्षीय योगेश पुत्र सांवरमल को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ ग्रामीण राजेश आर्य ने बताया कि रात को भी दोनों पति पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। सुबह फिर जब उसकी पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी तो विवाद बढ़ गया। अनामिका ने हाथ की नस काटने की कोशिश की।
हाथ से खून निकला तो पति ने कहां- तू क्या मरेगी, मैं ही तुझे मार डालता हूं। इतना कहकर आरोपी ने तार से पत्नी का गला घोंट दिया। अनामिका बेसुध हो गई तो आरोपी उसे वहीं पटक कर मजदूरी करने चला गया। धोद थानाधिकारी अमित नागौरा ने बताया कि पुलिस ने लोसल रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को रविवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर पुलिस रिमांड पर मांगा जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार सुबह 11 बजे अनामिका का शव उसके कमरे में पड़ा मिला था। अनामिका बोरावड़ मकराना की रहने वाली थी और पति योगेश के साथ यहां किराए के मकान में रहती थी।
घरवालाें से कहा-अपनी बहू काे संभाल लेना और मजदूरी करने चला गया
अनामिका की हत्या के बाद आरोपी योगेश ने इसको सुसाइड दिखाने का प्रयास किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद उसने अपने परिजनों को भी यही कहा था कि अनामिका ने सुसाइड कर ली है। उसको संभाल लेना। इससे पहले आरोपी ने गला घोटने वाले वायर को कहीं छुपा दिया और खुद मजदूरी करने के बहाने चुपचाप घर से निकल गया था।
पति और काकेर ससुर पर दुष्कर्म का मामला भी दर्ज कराया था
अनामिका का विवाह दो वर्ष पहले योगेश के साथ आर्य समाज अजमेर में हुआ था। महिला के कोई भी बच्चा नहीं था। पुलिस ने बताया कि इससे पहले अनामिका के परिजनों ने उसके पति और काकेर ससुर पर सवा साल पहले अनामिका के साथ ज्यादती का मुकदमा दर्ज कराया था।
लेकिन उसमें एफआर लग गई थी और दोनों परिवारों के बीच राजीनामा भी हो गया था। घटना के बाद अनामिका की बहन संजू भार्गव ने अपनी बहन के पति योगेश व सास, ससुर, बहन व काकेर ससुर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। संजू ने बताया कि अनामिका को योगेश पुत्र संवारमल धोद ने दो साल पहले बोरावड़ घर से भगा कर लाया था और जबरदस्ती अपने घर में रख रखा था। योगेश के दादा दादी ने अनामिका को घर भेजने के एवज में पांच लाख रुपये मांगे थे और कहा था कि रुपए देने पर ही आपकी लड़की को घर भेजेंगे।
#Jhunjhunu #Jhunjhnu #झुंझुनूं #झुंझुनू #Jhunjhununews #BreakingNews #JhunjhunuNewz #Jhunjhunuupdate #Jhunjhunujhalak #Jhalkojhunjhunu #sikar #sikarnews #shekhawati #shekhawatinews