Jhunjhunu News महिला का अपहरण कर शादी करने का आरोपी गिरफ्तार
गुढ़ागौइजी : पुलिस ने विवाहिता का अपहरण व डरा धमका कर शादी करने के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विवाहिता ने दो दिन पहले रिपोर्ट दी थी कि सात दिन पहले वह घर से अपने पुराने नोहरे में मौसी के पास जा रही थी। रास्ते में चारावास निवासी मंजीत मीणा व एक अन्य युवक मिले। दोनों बाइक पर उठाकर मुंह बंद करके गुढ़ागौड़जी ले आए। यहां पर उसे जबरन कोल्ड ड्रिंक पिलाई। इसके बाद वह बेहोश हो गई। जब उसे होश आया तब वह गाजियाबाद थी।
वहां पर उसे व उसके घरवालों को जान से मारने की धमकी देकर उसकी शादी चारावास के कुलदीप पुत्र महीपाल से करवा दी। वे लोग उसे गौरीर दुधवा में कुलदीप की भुवाजी के पास ले गए। वहां पर एक रात बंदी बनाकर रखा। अगली रात कुलदीप के ननिहाल चिड़ासन में रखा। उसके गले की चैन, मंगलसूत्र, अंगूठी और मोबाइल छीन लिए।
फोन की सिम भी तोड़कर फेंक दी। उसके बाद उसे गाड़ी में लेकर आए, रास्ते में चनाना में चारावास का वर्तमान सरपंच मिला। उसने भी उसे डराया धमकाया ओर कहा कि आपको अपना बयान कुलदीप के पक्ष में देना है। वह थाने पहुंची और पुलिस को पूरी सच्चाई बताई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारावास निवासी कुलदीप पुत्र महिपाल को गिरफ्तार कर लिया।
