झुंझुनूं में नाटास नदी किनारे दफ्न कंकाल मिला, पास में संदिग्ध हालत में बाइक भी बरामद; DNA जांच से होगी शिनाख्त Jhunjhunu News | Jhunjhunu Samachar | Jhunjhunu Today News

झुंझुनूं में नाटास नदी किनारे दफ्न कंकाल मिला, पास में संदिग्ध हालत में बाइक भी बरामद; DNA जांच से होगी शिनाख्त

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

झुंझुनूं। जिले के झुंझुनूं में नाटास नदी क्षेत्र से दफ्न कंकाल मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। कंकाल को कुत्तों द्वारा मिट्टी खोदकर बाहर निकाले जाने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पास में ही एक बाइक भी संदिग्ध हालत में मिली।

मामला गुढ़ागौड़जी थाना इलाके का है। कंकाल के कानों में बालियां मिलने से आशंका जताई जा रही है कि यह किसी युवती का हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

बाइक के पार्ट्स अलग-अलग, इंजन कट्टे में मिला

जांच के दौरान घटनास्थल के पास एक मोटरसाइकिल के पार्ट्स अलग-अलग खुले हुए मिले। बाइक का इंजन एक कट्टे (बोरे) में रखा हुआ पाया गया। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि बाइक का इस मामले से क्या संबंध है। वाहन के नंबर और अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर मालिक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

DNA जांच और वैज्ञानिक परीक्षण


थानाधिकारी सुरेश रोलन ने बताया कि कंकाल के अवशेषों को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी में सुरक्षित रखवाया गया है। शिनाख्त के लिए डीएनए सैंपल लिए जाएंगे और जिले में दर्ज गुमशुदगी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही एएसआई जगदीश प्रसाद मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी बुलाया गया, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण और समय को लेकर स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।

कई एंगल से जांच


पुलिस अब कंकाल और बरामद बाइक के बीच संभावित संबंध की भी जांच कर रही है। आसपास के गांवों में पूछताछ के साथ-साथ जिलेभर के गुमशुदगी मामलों का मिलान किया जा रहा है।

फिलहाल पूरे मामले में पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और वैज्ञानिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।