हिस्ट्रीशीटर की गाड़ी ने पुलिस वाहन को मारी टक्कर, चार पुलिसकर्मी घायल, आरोपी भी जख्मी
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे के पास शुक्रवार को गश्त के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हिस्ट्रीशीटर की तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर मारने वाला हिस्ट्रीशीटर रोहित महला भी इस दुर्घटना में घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा बांडीयां नाले के पास हुआ। उस समय पुलिस की टीम नियमित गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की दो गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
