युवक का अपहरण, इलाके में सनसनी
झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब नेवरी मोड़ के पास एक युवक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। जानकारी के अनुसार धावड़ा की ढाणी निवासी नितिन बडसरा अपनी बाइक से जा रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने जबरन नितिन को कार में डालकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने युवक के मोबाइल से उसके पिता को कॉल कर 15 हजार रुपये की फिरौती मांगी।
परिजनों ने युवक की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलते ही बदमाश युवक को छोड़कर उसका मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार सोनू, मुन्ना समेत करीब 6 बदमाशों की पहचान की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।
