कांग्रेस नेता के घर फायरिंग, भागते बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
राजस्थान के चूरू जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई। राजेंद्र बबेरवाल के घर पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना रतनगढ़ के वार्ड नंबर 21 की बताई जा रही है, जहां बदमाशों ने मकान के मुख्य दरवाजे को निशाना बनाते हुए करीब एक दर्जन से अधिक राउंड फायर किए।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने वारदात से पहले वीडियो कॉल के जरिए लोकेशन कन्फर्म की थी। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में कोई जनहानि नहीं हुई।
भागते बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
फायरिंग की वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, जिसके बाद जिलेभर में नाकाबंदी कर दी गई। इसी दौरान चूरू-तारानगर रोड पर गौशाला के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने नाकाबंदी तोड़ते हुए पुलिस की गाड़ी को टक्कर मार दी और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाश घायल हो गए।
सूत्रों के अनुसार एक बदमाश को गोली लगी है, जबकि दूसरे बदमाश का पैर फ्रैक्चर हुआ है। दोनों आरोपियों के पंजाब निवासी होने की जानकारी सामने आ रही है। घायल बदमाशों को पुलिस निगरानी में अस्पताल पहुंचाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फायरिंग के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
