स्कूल बस में लगी भीषण आग, 25 बच्चे बाल-बाल बचे
जैसलमेर। स्कूल जा रही एक चलती बस में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय बस में करीब 25 बच्चे सवार थे। इंजन से धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके कुछ ही देर बाद आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे धऊवा गांव के पास हुआ। सूचना मिलने पर नगर परिषद की दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
जानकारी के अनुसार, बस पिथला गांव से बच्चों को लेकर शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर डाबला रोड स्थित एसएम पब्लिक स्कूल जा रही थी। धऊवा के पास पहुंचते ही बस के इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते इंजन से आग की लपटें निकलने लगीं।
धुआं देखते ही चालक ने बिना देर किए बस रोक दी और दरवाजे खोलकर सभी बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बच्चों के बस से बाहर निकल जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
बच्चों के बैग और सामान जले
बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। आग की चपेट में आने से बस में रखे बच्चों के बैग और अन्य सामान जलकर राख हो गए। हालांकि, हादसे में किसी बच्चे या स्कूल स्टाफ के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच और स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार बस में आग लगने का कारण वायरिंग में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
