प्रदेश में 26 जुलाई को होंगे निकाय उपचुनाव, 28 को होगी गिनती, झुंझुनूं जिले के दो वार्डों के लिए होगा मतदान | JHUNJHUNU NEWS

सोमवार को प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयोग ने विभिन्न निकायों के कुछ वार्डों में उपचुनाव की घोषणा कर दी है। आयोग ने प्रदेश की अलग-अलग नगर पालिकाओं में खाली पड़े वार्डो में 26 जुलाई वोटिंग का ऐलान किया है। राज्य के 9 जिलों की 16 नगरीय निकायों के कुल 18 वार्डो में चुनाव कराए जाएंगे। इनमें 2 नगर पालिकाओं में वार्ड पार्षद के बाद पालिका के अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव होंगे। इनमें हनुमानगढ़ जिले की भादरा और चूरू जिले की रतननगर पालिका शामिल हैं।

चुनाव शेड्यूल इस प्रकार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी चुनाव शेड्यूल के अनुसार, नगर निगम अजमेर के वार्ड संख्या 28 और नगर निगम भरतपुर के वार्ड 4 में पार्षद के लिए चुनाव कराया जाएगा। इसके अलावा, अजमेर की किशनगढ़ पालिका के वार्ड संख्या 46, चूरू जिले की रतननगर के वार्ड 6, सुजानगढ़ के वार्ड सं. 50, छापर के वार्ड सं. 24, हनुमानगढ़ जिले की नोहर पालिका के वार्ड 36 व 37 और भादरा के 12 व 35 नंबर वार्ड में चुनाव होगा। इसी तरह, झालावाड़ जिले की झालावाड़ पालिका के वार्ड 8, पिड़ावा नगर पालिका के वार्ड 19, झुंझुनूं नगर परिषद के वार्ड 52, खेतड़ी नगरपालिका के वार्ड 20, डीडवाना के वार्ड 6, प्रतापगढ़ नगर पालिका के वार्ड 23, पाली के सुमेरपुर पालिका के वार्ड 33 और सादड़ी पालिका के वार्ड संख्या 10 में उपचुनाव करवाया जाएगा।

12 से भरे जाएंगे नामांकन, 26 जुलाई को होगी वोटिंग

इन सभी नगर पालिकाओं में चुनाव के लिए 12 जुलाई से नामांकन भरे जाएंगे, जिसकी आखिरी तारीख 16 जुलाई है। जरूरत होने पर इन निकायों में 26 जुलाई को वोटिंग कराई जाएगी। वोटिंग का रिजल्ट 28 जुलाई को आएगा। भादरा और रतननगर में 29 जुलाई को अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नामांकन करेंगे और 30 जुलाई नामांकन की अंतिम तिथि होगी। 5 अगस्त को जरूरत होने पर अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग कराई जाएगी और उसी दिन देर शाम तक रिजल्ट की घोषणा कर दी जाएगी।

Leave a Comment