सीकर जिले के दादिया थाना इलाके में तारपुरा गांव में तीन जुलाई को शादी थी। बारात झुंझुनूं जिले के बुगाला गांव से आई थीं। फेरों से पहले वर पक्ष ने सवा लाख रुपए की डिमांड कर दी। जब लड़की के पिता ने इंतजाम करने के लिए समय मांगा तो बारात बगैर शादी के लौट गई। दुल्हन फेरों पर दूल्हे के आने का इंतजार करती रहीं। इस शादी के बाद दुल्हन के भाई की शादी भी कैंसिल हो गई। कहानी में नया मोड़ तो दो दिन बाद आज सोमवार को आने जा रहा है। वो दूल्हा अब दुल्हन की होने वाली भाभी से शादी रचाने जा रहा है।
दो महीने पहले हुई थी सगाई
करीब दो महीने पहले आटा-साटा प्रथा के तहत सगाई हुई थी। उस समय सुरजाराम ने 60 लोगों को नकद रुपए देकर दस्तूर किया था।
लड़की के पिता सुरजाराम ने बताया कि इसके बाद दहेज का सारा सामान देने के लिए लेकर भी आए। बारात आई और दूल्हा पक्ष वरमाला भी लेकर नहीं आया। वधूपक्ष की ओर से रात को दस बजे वरमाला का इंतजाम किया। इसके बाद लड़के के पिता महेश ने सवा लाख रुपए नकद और एक मोटरसाइकिल की मांग कर डाली। एकाएक सवा लाख रुपए का इंतजाम नहीं हो सकता था। इसके लिए कुछ दिन का समय देने को कहा। कुछ देर बाद फेरे शुरू होने वाले थे, दुल्हन सुभिता मंडप में बैठकर अजय का इंतजार करने लगी, लेकिन पेशाब करने के बहाने बाहर की तरफ गया अजय लौट कर नहीं आया। अचानक दूल्हा गायब हुआ फिर पूरी बारात गायब दिखी तो हलचल शुरू हुई। फोन किए लेकिन किसी ने उठाया ही नहीं। घर में हंगामा सा मच गया। आखिरकार एक दूसरे को संभाला। जब बेटी की शादी नहीं हुई तो पांच जुलाई को होने वाली बेटे पंंकज की शादी भी अटक गई।
तारपुरा गांव में सुभिता पुत्री सुरजाराम जांगिड़ की शादी बुगाला के अजय जांगिड़ से तीन जुलाई को होनी थी, सुभिता के भाई पंकज की शादी पांच जुलाई को झुंझुनूं के बजावा निवासी कंचन से होनी थी। कंचन के दो भाइयों की शादी बुगाला में होनी थी। इन सबका रिश्ता अजय के मामा आनंद कुमार ने कराया था। यह सब आटा साटा प्रथा के तहत हुआ था।
एसपी को बताई आपबीती
सुरजाराम और सुभिता ने एसपी कुंवर राष्ट्रदीप से मुलाकात कर उप जिलाप्रमुख ताराचंद धायल दादिया थानाधिकारी सुभाष पूनियां की शिकायत की। आरोप लगाया कि दहेज की मांग कर शादी नहीं करने वालों के खिलाफ 24 घंटे से पहले शिकायत ही नहीं ली। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने दहेज की मांग को लेकर शादी से इनकार करने पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं कहा है कि शादी नहीं होने दी जाएगी। पहले पुलिस कार्रवाई होगी।