युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला, वीडियो हुआ वायरल
रतनगढ़। सरदारशहर के देराजसर निवासी 28 वर्षीय युवक दिलीप के साथ हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, करीब एक दर्जन लोगों ने युवक को बेरहमी से पीटा।
पीड़ित के भाई ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने उसके भाई का रतनगढ़ के संगम चौराहा से अपहरण किया था। बाद में उसे बुरी तरह पीटा गया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने दिलीप को फांसी पर लटकाने की कोशिश की और जबरन पेशाब पिलाने जैसे हैवानियत भरे कृत्य किए। घटना में दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे चिकित्सालय में भर्ती करवाना पड़ा।

परिजनों की रिपोर्ट पर रतनगढ़ पुलिस थाने में 9 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने प्राथमिकी में अपहरण, मारपीट और जान से मारने के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह घटना चार दिन पुरानी है, हालांकि वीडियो आज सामने आया और वायरल हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
