Jhunjhunu News सड़क हादसे में युवक की मौत मामले में आया नया मोड : आपसी कहासूनी के बाद गाड़ी से जान बुझ कर टक्कर मारने का आरोप, घटना के दौरान का CCTV फुटेज भी आया सामने
सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के जीणी गांव से दोस्ती और धोखे की दिल दहला देने वाली कहानी सामने आई है। यहां एक मामूली विवाद ने दोस्तों की महफ़िल को खून-खराबे में बदल दिया। शराब पार्टी के बाद दोस्तों ने ही अपने साथी को अर्टिगा कार से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस भयावह वारदात का CCTV फुटेज भी अब सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है।
शराब की महफ़िल से शुरू हुई मौत की कहानी
जीणी निवासी 35 वर्षीय विजय पुत्र सुरेश कुमार ने सोचा भी नहीं होगा कि जिन दोस्तों के साथ वह खुशी-खुशी शराब पार्टी में जा रहा है, वही उसकी जान के दुश्मन बन जाएंगे। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने रिश्तेदार प्रदीप पुत्र इन्द्र सिंह और गांव के ही मानसिंह पुत्र पोलाराम के साथ निकला। तीनों ने पेट्रोल पंप के पास बैठकर शराब पार्टी की। लेकिन रात करीब 11:15 बजे घर लौटते वक्त किसी मामूली बात पर उनमें कहासुनी हो गई।
CCTV फुटेज में दिखी हैवानियत
यह विवाद इतना बढ़ा कि प्रदीप ने मानवता की सारी सीमाएं लांघ डालीं। उसने कार से विजय को टक्कर मारी और उसके बाद गाड़ी रोकने की बजाय उस पर बार-बार चढ़ा दी। CCTV वीडियो में भयावह दृश्य साफ दिख रहे हैं—विजय कार के नीचे फंसा और करीब 150 मीटर तक घसीटता चला गया। यही दर्दनाक क्षण उसकी ज़िंदगी का आखिरी वक्त साबित हुआ।
पुलिस की तुरंत कार्रवाई, दोनों आरोपी सलाखों के पीछे
घटना की जानकारी के बाद जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में विजय को राजकीय अस्पताल सूरजगढ़ ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजगढ़ पुलिस तुरंत हरकत में आई और परिजनों की शिकायत पर प्रदीप और मानसिंह दोनों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिवार को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
यह नृशंस हत्या एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ गई। मृतक विजय शादीशुदा था और पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी बेटी मात्र 5 साल की है और बेटा अभी डेढ़ साल का भी नहीं हुआ। पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में जहां हर आंख नम है, वहीं परिवार के कोहराम ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।
गांव में आक्रोश और शोक की लहर
यह घटना पूरे सूरजगढ़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बन चुकी है। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या दोस्ती इतनी कमजोर हो चुकी है कि शराब और गुस्से के नशे में दोस्त ही दोस्त की जान ले लें? वारदात ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।
