चिड़ावा में दिलीप ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, मृतक की बेटी का देवर ही निकला हत्यारा
झुंझुनूं के चिड़ावा में हुए दिलीप ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक दिलीप कुमार की हत्या उसकी छोटी बेटी के देवर प्रवीण ने की थी।
प्रवीण का मृतक की छोटी बेटी से प्रेम प्रसंग था, लेकिन दिलीप ने इस रिश्ते के खिलाफ होकर शादी नहीं होने दी। इसी रंजिश के चलते प्रवीण ने अरडावतिया कॉलोनी स्थित घर में घुसकर दिलीप कुमार की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
• मृतक दलीप कुमार की हत्या करने वाला व्यक्ति मृतक का ही नजदीकी रिश्तेदार पाया गया।
• पुलिस द्वारा घटना में शामिल व्यक्तियों की जानकारी देने वाले को 10,000 रुपए का इनाम देने की घोषणा की गई थी।
• पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी प्रवीण की शादी मृतक की छोटी बेटी से न होने देने के कारण हत्या को अंजाम दिया गया।
प्रेम-प्रसंग बना हत्या का कारण
पुलिस की गहन जांच में सामने आया कि प्रवीण मृतक दलीप कुमार की छोटी बेटी से प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। उसने कई बार दलीप कुमार के घर आकर विवाह का प्रस्ताव रखा, लेकिन दलीप ने इस रिश्ते को सिरे से खारिज कर दिया।
इसी बात से प्रवीण इतना गुस्सा हुआ कि उसने दलीप कुमार की हत्या की साजिश रच डाली और उसे अंजाम दिया।
वारदात की दिल दहला देने वाली रात
घटना की रात दलीप कुमार अपने घर की बैठक में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बेटी दूसरे कमरे में थीं। देर रात करीब 2 बजे बैठक से मारपीट और चीख-पुकार की आवाजें आने लगीं। जब पत्नी और बेटी ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो पाया कि वह बाहर से बंद था। उन्होंने तुरंत पड़ोसी मदनलाल टेलर को फोन किया। जब दरवाजा खोला गया, तो दलीप लहुलुहान अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
