राइफल सिखाने के नाम पर अश्लील हरकतें, वीडियो बनाए: इंदौर में शूटिंग एकेडमी का कोच मोहसिन गिरफ्तार; मोबाइल में मिले कई छात्राओं के वीडियो
इंदौर में एक राइफल शूटिंग एकेडमी में छात्राओं से रेप और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। आरोप एकेडमी के कोच मोहसिन खान पर है। उसने यहां निशानेबाजी सिखाने के नाम पर छात्राओं और युवतियों से छेड़छाड़ की और उनके वीडियो भी बनाए।
हिंदू संगठन का दावा है कि आरोपी के मोबाइल में 100 से ज्यादा अश्लील वीडियो मिले हैं। पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। हालांकि कई वीडियो सामने आए है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
घटना अन्नपूर्णा इलाके में ड्रीम ओलिपिंक एकेडमी की है। यहां निशानेबाजी सीख रही एक नाबालिग छात्रा बुधवार को हिंदूवादी संगठनों के साथ थाने पहुंची थी। उसने कोच मोहसिन खान के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराकर पुलिस को वीडियो सौंपे थे।
उसका आरोप है कि कोच कई छात्राओं के साथ ऐसी हरकतें कर चुका है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गुरुवार को दो और पीड़ित युवतियां पुलिस थाने पहुंची और आरोपी कोच के खिलाफ रेप और छेड़छाड़ का केस दर्ज कराया।
आरोपी के मोबाइल से डिलीट फोटो-वीडियो करेंगे रिकवर
एडिशनल सीपी अमित ने गुरुवार को बताया कि पीड़ितों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो-फोटो की जांच की जा रही है। आरोपी मोहसिन खान के मोबाइल से डिलीट किए गए वीडियो-फोटो और अन्य जानकारियों को रिकवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल में हुए लव जिहाद से इसका कोई कनेक्शन नहीं है।
डीसीपी बोले- नकली नोट की डील भी करता था
डीसीपी ऋषिकेश मीना के मुताबिक, अन्नपूर्णा थाने में कोच मोहसिन के खिलाफ दो युवतियां और शिकायत लेकर पहुंची थी। उनकी शिकायत के बाद रेप और छेड़छाड़ का केस दर्ज कर लिया है। एकेडमी कोच मोहसिन नकली नोट की डील भी कर रहा था। पुलिस को इसकी चैटिंग भी मिली है। मामले में आरोपी से पूछताछ की जाएगी।
