पति सऊदी गया, पत्नी भांजे के साथ भागी, तीन साल की बेटी को छोड़ गई

पति सऊदी में मेहनत करता रहा, पत्नी भांजे संग भागी; 3 साल की मासूम बेटी को छोड़ गई

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। रोज़गार के लिए सऊदी अरब गए एक युवक की पत्नी अपने ही मुंहबोले भांजे के साथ घर से फरार हो गई। हैरानी की बात यह है कि महिला जाते समय घर में रखे करीब 10 लाख रुपये के जेवर और नकद भी साथ ले गई और अपनी 3 साल की मासूम बेटी को अकेला छोड़ गई।

24 दिसंबर को हुई घटना, 29 को लौटा पति


यह घटना 24 दिसंबर 2025 की बताई जा रही है। पीड़ित पति मन्नू गुप्ता (31) को पत्नी के फरार होने की सूचना उसके भाई ने फोन पर दी। सूचना मिलते ही मन्नू ने सऊदी अरब से भारत लौटने की तैयारी की और 29 दिसंबर को देवरिया पहुंचा।

जब उसने अपनी तीन साल की बेटी को बेसहारा देखा तो वह फूट-फूटकर रो पड़ा। इसके बाद रविवार को मन्नू ने पत्नी पूजा देवी और उसके प्रेमी चंदन गुप्ता के खिलाफ थाने में तहरीर दी।

4 साल पहले हुई थी शादी, 2 साल से चल रहा था अफेयर


मामला जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर गांव का है, जो जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर स्थित है।
मन्नू गुप्ता ने बताया कि उसकी शादी चार साल पहले पूजा देवी से हुई थी। दोनों की एक तीन साल की बेटी है। मन्नू शादी से पहले ही सऊदी अरब की एक कंपनी में मैकेनिक के पद पर काम करता था और हर महीने पत्नी को खर्च के लिए पैसे भेजता था।

बेटी के भविष्य के लिए जोड़े थे 10 लाख

पीड़ित पति का आरोप है कि उसने बेटी के भविष्य के लिए करीब 10 लाख रुपये जोड़कर घर में रखे थे। लेकिन पत्नी घर से भागते समय वह रकम और कीमती जेवरात भी अपने साथ ले गई।

पहले भी पकड़े गए थे आपत्तिजनक हालत में


मन्नू ने खुलासा किया कि उसकी पत्नी का मुंहबोले भांजे चंदन गुप्ता से पिछले दो साल से प्रेम संबंध चल रहा था। परिवार के लोगों ने दोनों को पहले भी आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था।

उस समय परिवार ने समझाइश भी दी, लेकिन पूजा देवी नहीं मानी और अक्सर घर में झगड़ा करती थी।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू


पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।