Rajasthan School Holidays Extended : राजस्थान में मौसम का मिजाज बिलकुल बिगड़ा हुआ है. प्रदेश के कई जिलों में बारिश के साथ घना कोहरा और बारिश से लोग परेशान हो रहे हैं. जन जीवन अस्त-व्यस्त होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. वहीं बच्चों की पढ़ाई भी इससे प्रभावित हो रही है. क्योंकि शीत लहर और बारिश की वजह से स्कूलों में छुट्टी की जा रही है.
बीते दिनों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुई बारिश ने और ठंड दी. मौसम विभाग ने 15 जनवरी को कई जिलों में हल्की बारिश और 16 जनवरी को कहीं-कहीं घने का अलर्ट जारी किया है. अब इसी को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में जिला प्रशासन की तरफ से छुट्टी घोषित की गई तो कई जिलों में शीतलहर के चलते छुट्टी को और आगे बढ़ा दिया गया है.
सीकर में कड़ाके की ठंड, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला
सीकर जिले में लगातार जारी शीतलहर और गिरते तापमान के चलते जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अहम निर्णय लिया है। जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश 12 जनवरी 2026 से 17 जनवरी 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
कक्षा 6 से 12 तक के लिए बदला स्कूल समय
शीतलहर के प्रभाव को देखते हुए कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय संचालन समय में बदलाव किया गया है। अब जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय सुबह 11 बजे से सांय 4 बजे तक संचालित होंगे। सुबह के समय अत्यधिक ठंड और कोहरे के कारण बच्चों को हो रही परेशानियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
भरतपुर जिला कलेक्टर ने शीतकालीन अवकाश को बढ़ाया
भरतपुर जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में संचालित सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों में कक्षा 01 से 05 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं जिले के समस्त आंगनबाडी केन्द्रो पर नामित 03 से 06 आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए दिनांक 12.01.2026 से 13.01.2026 तक 02 दिवस का अवकाश घोषित करता हूँ। यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए ही लागू होगा।
Jhunjhunu News शीतलहर के चलते कक्षा 1 से 8 तक का अवकाश 13 जनवरी तक बढ़ाया
झुंझुनू, जिले में जारी शीतलहर एवं मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के दृष्टिगत कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों का अवकाश 13 जनवरी तक बढ़ाया गया है। जिला कलेक्टर डॉ अरुण गर्ग के निर्देशानुसार जिले के समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए अब अवकाश दिनांक 13 जनवरी तक प्रभावी रहेगा। अवकाश केवल विद्यार्थियों पर लागू होगा, जबकि विद्यालयों के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ पूर्व निर्धारित व्यवस्था के अनुसार उपस्थित रहेंगे।
सभी स्कूलों को आदेश की सख्त पालना के निर्देश
जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले के समस्त राजकीय और निजी विद्यालय इस आदेश की सख्ती से पालना सुनिश्चित करें। किसी भी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना किए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से विशेष अपील
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाकर ही विद्यालय भेजें। साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान रखने को कहा गया है, क्योंकि मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी शीतलहर का असर बना रह सकता है।
छोटे बच्चों को राहत, पढ़ाई भी रहेगी सुरक्षित
जिला प्रशासन के इस फैसले से छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है। वहीं कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई भी सुरक्षित समयावधि में जारी रखने की व्यवस्था की गई है।
