T20 World Cup 2026 : भारत-पाकिस्तान महामुकाबला 15 फरवरी को, शहबाज सरकार ने दी मंजूरी
आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को जिस मुकाबले का सबसे ज्यादा इंतजार रहता है, उस भारत- पाकिस्तान मैच को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। तमाम अटकलों और राजनीतिक बयानबाज़ी के बाद आखिरकार पाकिस्तान सरकार ने मैच खेलने की अनुमति दे दी है। अब यह बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी 2026 को तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा।
सरकार की मंजूरी से खत्म हुआ गतिरोध
पिछले कई दिनों से भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी। पाकिस्तान सरकार की ओर से बहिष्कार के संकेत दिए गए थे, जिससे आईसीसी भी सक्रिय हो गया।
सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने आईसीसी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और अन्य सदस्य देशों के साथ हुई उच्चस्तरीय बातचीत की पूरी जानकारी दी। इसके बाद सभी पहलुओं पर विचार करते हुए सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मैच खेलने की औपचारिक मंजूरी दे दी।
आईसीसी के शेड्यूल के मुताबिक होगा मुकाबला
आईसीसी ने पहले ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया था, जिसमें भारत-पाकिस्तान मुकाबला 15 फरवरी को तय है।
हालांकि पाकिस्तान सरकार के बहिष्कार के बयान के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि मैच अपने तय समय पर ही खेला जाएगा।
आईसीसी ने PCB की सभी मांगें कीं खारिज
इस पूरे विवाद के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आईसीसी के सामने तीन अहम शर्तें रखी थीं। आईसीसी की एक टीम इस समय पाकिस्तान में मौजूद रही और पीसीबी अधिकारियों से बातचीत की। बैठक में आईसीसी की ओर से सीईओ संजोग गुप्ता वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
PCB की ओर से रखी गई तीन शर्तें इस प्रकार थीं—
• आईसीसी की कुल कमाई में पाकिस्तान का हिस्सा बढ़ाया जाए
• भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज बहाल कराई जाए
• मैदान पर हैंडशेक प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू किया जाए
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी ने इन तीनों मांगों को लगभग पूरी तरह खारिज कर दिया। आईसीसी का साफ रुख रहा कि टी20 वर्ल्ड कप एक बहुपक्षीय टूर्नामेंट है और इसमें राजनीतिक या द्विपक्षीय शर्तें लागू नहीं की जा सकतीं।
क्रिकेट फैंस में उत्साह
भारत-पाकिस्तान मुकाबला दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट इवेंट्स में गिना जाता है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से द्विपक्षीय सीरीज नहीं हुई है, ऐसे में आईसीसी टूर्नामेंट ही दोनों टीमों को आमने-सामने लाते हैं।
अब जब मैच को हरी झंडी मिल चुकी है, तो क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
