Jhunjhunu News चट मंगनी पट ब्याह: सगाई करने गए लड़के वाले, साथ में दुल्हन भी ले आए
झुंझुनू: जिले के बुडाना क्षेत्र की पकौड़ी की ढाणी से एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां लड़के वाले गोद भराई (सगाई) के लिए पहुंचे थे, लेकिन मौके पर ही रज़ामंदी बनते ही शादी कर दुल्हन अनीशा को साथ लेकर लौट आए। यह पारंपरिक “चट मंगनी पट ब्याह” की सजीव मिसाल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मनोज पुत्र धूडाराम जी सैनी जो पहले से तय गोद भराई रस्म के लिए लड़की के घर इस्लामपुर पहुंचे थे। दोनों पक्षों में लंबे समय से बातचीत चल रही थी, और रिश्ते को लेकर सहमति पहले ही बन चुकी थी। जब सगाई की रस्म शुरू हुई, तो दोनों परिवारों ने विचार किया कि जब सब कुछ तय हो ही गया है, तो शादी क्यों टाली जाए?
बस फिर क्या था, स्थानीय रीति-रिवाजों के अनुसार घर पर ही तुरंत शादी की तैयारियां शुरू हुईं। परंपरागत वाद्य यंत्रों की धुन पर शादी संपन्न हुई और लड़का मनोज दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी अपने घर लौट आया।
स्थानीय लोगों के बीच यह विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव में इसे भाग्य और समझदारी का अद्भुत संगम बताया जा रहा है। परिजनों ने इसे सादगी से सम्पन्न कर समय, खर्च और औपचारिकताओं को सरल करने वाला कदम बताया।
