अवैध हथियारों और बोलेरो कैम्पर के साथ दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

पिलानी पुलिस व डीएसटी की बड़ी कार्रवाई, सूरजगढ़ के दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

WhatsApp Group Join Now
Telegram Join Join Now

पिस्टल, कारतूस और बोलेरो कैम्पर जब्त, कई संगीन मामलों में संलिप्त

झुंझुनूं जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना पिलानी और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के दो सक्रिय हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, चार कारतूस और एक बोलेरो कैम्पर वाहन जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय IPS के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत RPS के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी विकास धीधवाल RPS के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व थानाधिकारी चन्द्रभान (पुलिस थाना पिलानी) ने किया।

नाकाबंदी के दौरान पकड़े गए आरोपी


पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में 04 फरवरी 2026 को डीएसटी इंचार्ज शशीकांत (सउनि.) से मिली सूचना पर पिलानी-बेरी गांव के बीच पीरू सिंह खेल मैदान के पास नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान बेरी गांव की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो कैम्पर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा कर बेरी गांव की बणी में वाहन रुकवाया।

तलाशी में हथियार बरामद

कैम्पर में सवार दोनों व्यक्तियों से पूछताछ करने पर वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद वाहन को भी जब्त कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं संगठित अपराध से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गंभीर आपराधिक रिकॉर्ड


गिरफ्तार आरोपी ललित उर्फ लिता धानक के खिलाफ 10 आपराधिक मामले, जबकि आकाश उर्फ शूटर के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर 03 फरवरी 2026 को सूरजगढ़ में कोर्ट के सामने कार में तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

फिलहाल आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया गया है, और उनसे अन्य वारदातों के संबंध में विस्तृत अनुसंधान किया जा रहा है।