एकतरफा प्यार की हैवानियत: 12वीं के छात्र ने टीचर पर किया जानलेवा हमला
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने समाज और शिक्षा व्यवस्था दोनों को झकझोर कर रख दिया है। एकतरफा प्यार की सनक में 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी ही टीचर पर ऐसा क्रूर हमला किया कि इंसानियत शर्मसार हो गई।
टीचर के दोनों होंठ काटे
घटना मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोपी छात्र अखंड प्रताप सिंह, जो 12वीं कक्षा में पढ़ता है, ने अपनी टीचर पर हमला कर दिया। हमले में टीचर के दोनों होंठ शरीर से अलग हो गए। गंभीर हालत में उन्हें पहले जिला अस्पताल और फिर आगरा रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, आरोपी छात्र लंबे समय से अपनी टीचर को एकतरफा प्यार के नाम पर परेशान कर रहा था। वह स्कूल परिसर में उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब टीचर ने इसकी शिकायत छात्र के परिजनों से की, तो कुछ समय के लिए स्थिति सामान्य हो गई।
लेकिन आरोपी की हरकतें जल्द ही फिर शुरू हो गईं।
स्कूल छोड़ने के बाद भी पीछा नहीं छोड़ा
छात्र की लगातार परेशानियों से तंग आकर टीचर ने वह स्कूल छोड़ दिया और दूसरे स्कूल में नौकरी शुरू कर दी। इसके बावजूद आरोपी छात्र ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा और नई जगह पर भी उन्हें परेशान करने लगा।
जब टीचर ने इसका विरोध किया और साफ शब्दों में दूरी बनाए रखने को कहा, तो आरोपी ने हैवानियत की हदें पार कर दीं।
रास्ते में रोका और कर दिया जानलेवा हमला
आरोपी ने रास्ते में टीचर को रोककर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उसने टीचर के दोनों होंठ काट दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पूरी सच्चाई
इस सनसनीखेज हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी छात्र महिला शिक्षिका के गले में हाथ डालकर उन्हें जबरन ले जाता है और फिर हमला करता है। यह वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस कार्रवाई और जांच
• घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
• आरोपी छात्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है
• पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है
घटना के पीछे के पूरे घटनाक्रम और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
