WhatsApp पर इस तरह से हो रहा साइबर फ्रॉड, कई लोगों के उड़ गए लाखों रुपये, जानें कैसे रहें सुरक्षित
WhatsApp Scam: अगर आपको किसी अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर एक आम सी फोटो आई है, तो उसे देखने से पहले दो बार सोचें. अब सिर्फ लिंक या कॉल नहीं, बल्कि एक सिंपल फोटो भी आपके पूरे बैंक खाते को साफ कर सकती है. साइबर ठगों ने अब स्कैम का नया तरीका निकाल लिया है, जो देखने में आसान लगता है, लेकिन नुकसान बहुत बड़ा कर सकता है.
कैसे काम करता है ये नया स्कैम?
साइबर अपराधी अब व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करके एक मैलवेयर से भरी फोटो भेजते हैं. जब कोई यूजर उस फोटो को क्लिक करता है, तो बिना उसकी जानकारी के फोन में खतरनाक सॉफ्टवेयर यानी मैलवेयर इंस्टॉल हो जाता है. इसके बाद फोन का पूरा कंट्रोल स्कैमर के पास चला जाता है.
क्या किसी इमेज को डाउनलोड करने से भी फोन हैक हो सकता है?
साइबर एक्सपर्ट ईशान सिन्हा बताते हैं कि अगर कोई इमेज वायरस (मालवेयर) से संक्रमित है तो उसे बस डाउनलोड या खोलने भर से आपका फोन खतरे में आ सकता है। कई बार इन इमेज फाइल्स में खतरनाक कोड या स्क्रिप्ट्स छिपे होते हैं, जो फोन में अपने आप इंस्टॉल हो जाते हैं और उसे हैक कर सकते हैं। यह खासतौर पर जेपीईजी (JPEG), पीएनजी (PNG), जीआईएफ (GIF) जैसी इमेज फॉर्मेट्स में भी हो सकता है।
वॉट्सएप इमेज स्कैम से बचने के लिए क्या सावधानी बरतनी चाहिए?
वॉट्सएप इमेज स्कैम से बचने के लिए सबसे जरूरी आपकी सतर्कता है। अगर किसी अनजान व्यक्ति से कोई तस्वीर, डॉक्यूमेंट या लिंक मिलता है तो उसे बिना जांचे-परखे न खोलें। कई बार ये फाइल्स देखने में सामान्य लगती हैं, लेकिन इनमें छिपा वायरस आपके फोन में घुसकर आपकी पर्सनल जानकारी चुरा सकता है।
वॉट्सएप की सेटिंग्स में ‘ऑटो-डाउनलोड’ का ऑप्शन कैसे बंद कर सकते हैं?
वॉट्सएप की ‘ऑटो-डाउनलोड’ सेटिंग्स को बंद करने के लिए इन स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं।
• वॉट्सएप खोलें और तीन डॉट्स (⋮) पर टैप करें।
• इसके बाद सेटिंग्स के ऑप्शन में जाकर स्टोरेज और डेटा पर जाएं।
• यहां मीडिया ऑटो-डाउनलोड में मोबाइल डेटा, वाई-फाई और रोमिंग के विकल्प मिलेंगे।
• हर विकल्प में जाकर सभी चेकबॉक्स (फोटो, ऑडियो, वीडियो, डॉक्यूमेंट्स) हटाएं। इसके बाद OK के ऑप्शन पर टैप करें।
• अब वॉट्सएप में कोई भी मीडिया फाइल अपने आप डाउनलोड नहीं होगी।
स्मार्टफोन यूज करने के साथ खुद को भी बनाएं स्मार्ट
अगर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखे, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें.अब वक्त सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, खुद को भी स्मार्ट बनाने का है. हर मैसेज, फोटो या कॉल पर अलर्ट रहें, सतर्क रहें और अपना पैसा सुरक्षित रखें.
