धनूरी के नांद का बास में 100 करोड़ की एमडी ड्रग्स फैक्ट्री पर बुलडोजर कार्रवाई
झुंझुनूं जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के नांद का बास गांव में अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर झुंझुनूं पुलिस ने मौके पर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए उस पोल्ट्री फार्म को ध्वस्त कर दिया, जहां अवैध रूप से एमडी ड्रग्स बनाए जाने की पुष्टि हुई।
विस्तृत जानकारी झुंझुनूं में पकड़ी 100 करोड़ की ड्रग फैक्ट्री, पूर्व सरपंच का भतीजा अनिल सिहाग चला रहा था फैक्ट्री
अवैध कमरे में बन रही थी एमडी ड्रग्स
कार्रवाई के दौरान पुलिस को पोल्ट्री फार्म परिसर में एक अवैध कमरा मिला, जहां एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। मौके से ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त केमिकल और उपकरण पहले ही जब्त किए जा चुके थे। अवैध रूप से संचालित मुर्गी फार्म कुल 16000 वर्ग फुट को ध्वस्त किया गया. अब अवैध ढांचे को हटाकर सबूतों के संरक्षण और आगे की जांच की जा रही है।
100 करोड़ की सामग्री जब्त, महाराष्ट्र एएनसी की अहम भूमिका
इस पूरे मामले का खुलासा दो दिन पहले हुआ था, जब महाराष्ट्र एंटी नारकोटिक्स सेल ने झुंझुनूं पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान मुख्य आरोपी अनिल सिहाग को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर करीब 100 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी ड्रग्स, रसायन और उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी अनिल सिहाग को सीकर में एक किलो एमडी ड्रग्स की सप्लाई देते समय पकड़ा गया था
पुलिस टीमें रहीं मौजूद, जांच जारी
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान ग्रामीण डिप्टी हरि सिंह धायल सहित कई पुलिस टीमें मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी कार्रवाई का विस्तृत खुलासा शीघ्र किए जाने की जानकारी दी गई है।
मुख्य सूत्रधार फरार
फिलहाल इस नेटवर्क का प्रमुख सूत्रधार बिज्जू उर्फ जग्गा (निवासी नेतड़वास, सीकर) फरार बताया जा रहा है। उसकी तलाश में दबिशें जारी हैं।
