5 KM पीछा कर अवैध शराब से भरी गाड़ी पकड़ी:हरियाणा नंबर की बोलेरो में 42 पेटी शराब बरामद
पुलिस कर रही थी शराब से भरी बोलेरो कैंपर का पीछा, सड़क किनारे नाले में उतरी गाड़ी, तस्कर फरार
बुहाना पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की पेटियों से भरी बोलेरो कैंपर को पकड़ा है। कैंपर में पुलिस ने राजस्थान मार्का की 42 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए।
बुहाना थानाधिकारी महेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि खांदवा की तरफ से एक बोलेरो कैंपर में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही हंसास तिराहे पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। तभी सामने से हरियाणा नंबर की एक सफेद बोलेरो कैंपर आती दिखी तो ड्राइवर को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख ड्राइवर ने गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। इस पर पुलिस ने करीब 5 किलोमीटर पीछा कर बोलेरो कैंपर को पकड़ लिया।
गाड़ी का स्टीयरिंग लॉक कर भागा ड्राइवर
पुलिस के पीछा करते समय ड्राइवर गाड़ी से कंट्रोल खो बैठा और कैंपर गाड़ी बुहाना कस्बे में कलवा मोड़ पर सड़क किनारे नाले में उतर गई। इस पर ड्राइवर गाड़ी की स्टीयरिंग लॉक कर चाबी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने कैंपर की तलाशी ली तो उसमें राजस्थान मार्का की अवैध शराब भरी मिली। पुलिस ने लोगों की मदद से कैंपर को उठाकर नाले से बाहर निकाला। उसके बाद बोलेरो को टोचिंग कर बुहाना पुलिस थाने लाया गया। बोलेरो की जांच में 15 देसी शराब और 27 अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुई। पुलिस ने ड्राइवर की पहचान बुहाना निवासी अमन (25) के रूप में की है और उसकी तलाश में जुट गई है। वहीं पुलिस बोलेरो कैंपर के नंबरों के आधार पर गाड़ी मालिक का पता लगाने का प्रयास कर रही है

